अलीगढ़ थाना लोधा क्षेत्र में रोडवेज के रंग-रूप में संचालित एक कथित डग्गेमार बस द्वारा यात्रियों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस संचालकों ने यात्रियों से उनके गंतव्य तक का पूरा किराया वसूल लिया, लेकिन बीच रास्ते में बस बदलकर उन्हें अधर में छोड़ दिया पीड़ित यात्रियों के अनुसार, उन्हें दादरी-गाजियाबाद से एटा और हरदोई जाने के लिए बस में बैठाया गया था। यात्रा के दौरान बस को बदलकर दूसरी बस में बैठा दिया गया। इसके बाद दूसरी बस के चालक और परिचालक ने करीब एक दर्जन यात्रियों को अलीगढ़ के लोधा क्षेत्र स्थित खेरेश्वर चौराहे पर उतारने का प्रयास किया।
जब यात्रियों ने इसका विरोध किया और अपने गंतव्य तक पहुंचाने की मांग की, तो उन्हें कथित रूप से मारपीट की धमकी दी गई। भय के चलते सभी यात्री चौराहे पर उतर गए और मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। यात्रियों का आरोप है कि मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने उन्हें संबंधित थाने में शिकायत करने की सलाह देकर मामला टाल दिया।
पीड़ित बीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने दादरी से हरदोई जाने के लिए 492 रुपये किराया दिया था। वहीं शिवशंकर और प्रेमप्रकाश ने हरदोई के लिए 560-560 रुपये किराया चुकाया था। श्रीकृष्ण ने हरियाणा से दादरी पहुंचने के बाद दादरी से जैथरा जाने के लिए 492 रुपये दिए थे।
यात्रियों का कहना है कि किराया वसूलने के बावजूद उन्हें गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है ।
إرسال تعليق