शादी के दो माह बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी, गोरहा गांव में मचा कोहराम
कमरे में फंदे पर लटका मिला 22 वर्षीय तमन्ना का शव,
कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोरहा में रविवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव गोरहा निवासी वीरेश पुत्र श्रीराम की पत्नी तमन्ना (22) ने दोपहर करीब 12 बजे घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। बताया गया है कि 10 वर्षीय भतीजे मनीष की नजर जब कमरे में फंदे पर लटकी तमन्ना पर पड़ी तो उसने तत्काल परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया गया है कि मृतका तमन्ना मूल रूप से थाना सोरों क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब दो माह पूर्व ही वीरेश के साथ हुई थी। नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट :- जीतेश राजपूत
एक टिप्पणी भेजें