उरई (जालौन)। जनपद में सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों और बल के साथ नगर के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आमजन से संवाद किया गया।
पुलिस अधीक्षक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी नगर संजय सिंह शर्मा एवं कोतवाली उरई प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्य मार्गों, सर्राफा बाजार तथा सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान सड़क एवं बाजारों में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से वार्ता कर उन्हें निर्धारित सीमा के भीतर दुकानें संचालित करने के निर्देश दिए गए। वहीं अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वाले वाहन स्वामियों को भी यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट के संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात वाहनों को सीज कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित रूप से पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
रिपोर्ट :-
बबलू राजपूत
एक टिप्पणी भेजें